चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि यह विधेयक पहले ही सितंबर 2023 में पास हो चुका है।

सुश्री चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा ने महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में परिसीमन विधेयक को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन विपक्ष ने इस रणनीति को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा की बात करती है लेकिन वास्तविकता यह है कि महिला उत्पीड़न के कई मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आते रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार में उच्च शिक्षित महिलाएं जैसे पीएचडी एमफिल और एमएससी डिग्री धारक अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने में असफल हैं और उन्हें ग्रुप-डी स्तर की नौकरियां करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सुश्री चौटाला ने कहा कि विधानसभा सत्र में जहां विपक्ष को भाजपा को घेरना चाहिए था वहीं कांग्रेस सदन से बाहर चली गई और भाजपा को वॉकओवर दे दिया। उन्होंने दावा किया कि इनेलो के विधायकों ने सदन में सरकार से तीखे सवाल पूछे, जिनका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इनेलो नेता ने दोहराया कि उनकी पार्टी हमेशा से महिलाओं को आरक्षण देने के पक्ष में रही है। उन्होंने मांग की कि भाजपा सरकार मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित