धार , अप्रैल 20 -- महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसके लागू करने में देरी पर सवाल उठाए हैं। महिला कांग्रेस ने इसे लेकर गांव-गांव अभियान चलाने की घोषणा की है।
धार जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव प्रीति माहेश्वरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन का खेल खेलकर महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक सितंबर 2023 में पारित हो चुका है, इसके बावजूद इसे तत्काल लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब संसद में बहुमत है, तो 543 सीटों पर 33 प्रतिशत आरक्षण अभी क्यों लागू नहीं किया जा रहा। उनका आरोप था कि सरकार जनगणना और परिसीमन का हवाला देकर इसे टाल रही है।
माहेश्वरी ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में लाने की नींव पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने रखी थी, जिनके प्रयासों से पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को भागीदारी मिली। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने ओबीसी वर्ग की महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग उठाते हुए कहा कि हर वर्ग की महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि आरक्षण लागू नहीं किया गया, तो वह जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेगी तथा घर-घर जाकर महिलाओं को जागरूक करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित