पटना, अप्रैल 17 -- बिहार में अलीनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक और मशहूर लोक गीत गायिका मैथिली ठाकुर ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर हुई वोटिंग के बाद शुक्रवार को कहा कि इस बार सदन में विपक्ष की नारी विरोधी मानसिकता पूरी तरह उजागर हो गई है।

सुश्री ठाकुर ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण सिर्फ एक राजनीतिक नारा है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए विपक्ष की वास्तविक प्रतिबद्धता संदेह के घेरे में है।

विधायक सुश्री ठाकुर ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "महिला आरक्षण बिल का विरोध करना देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा और खुला हमला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग नारी सम्मान की बात करते हैं, वही संसद में महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हो जाते हैं।"भाजपा की विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, लेकिन विपक्ष हमेशा ऐसे प्रयासों में बाधा डालता रहा है।

सुश्री ठाकुर ने कहा कि "विपक्ष का असली चेहरा अब देश की हर महिला के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि ये लोग सत्ता की राजनीति करने वाले हैं, जिन्हें महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की कोई चिंता नहीं है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित