भोपाल , अप्रैल 20 -- महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज सोमवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया। पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री, सांसद और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
यह पदयात्रा एमवीएम कॉलेज मैदान से प्रारंभ होकर लोक भवन होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने काले गुब्बारे उड़ाकर इसका समापन किया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर शामिल हुईं और विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के अधिकारों से जुड़े विधेयक के पारित नहीं होने पर विपक्षी दलों ने जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को कुचलने के खिलाफ राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों पर चोट पहुंची है और इसके विरोध में जनता अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस मुद्दे से अवगत कराएं।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे ने कहा कि यह पदयात्रा महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए निकाली गई है और मातृशक्ति इस अपमान का जवाब देगी। उन्होंने इसे नारी शक्ति के स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा बताया।
कार्यक्रम में मंत्री प्रतिमा बागरी, राधा सिंह, कृष्णा गौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को पंचायत से संसद तक पहुंचाने का माध्यम था, जिसे रोकना महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ है।
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न जिलों से पहुंचीं। गर्मी से बचाव के लिए वाटर स्प्रिंकलर की व्यवस्था की गई थी। वहीं ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन लागू कर यातायात को व्यवस्थित किया गया। सभा के बाद कुछ स्थानों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित किया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित