रायपुर , मई 01 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिन पायलट ने शुक्रवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में तीन महत्वपूर्ण बैठकें लेकर संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक रणनीति की समीक्षा की। इन बैठकों में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
पहली बैठक कांग्रेस विधायकों के साथ हुई, जिसमें क्षेत्रीय समस्याओं, जनमुद्दों और संगठन की स्थिति पर चर्चा की गई। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें संगठन विस्तार, नगर-वार्ड-बूथ और ग्राम पंचायत स्तर तक कमेटियों के गठन की समीक्षा की गई।
बैठकों में महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई। पायलट ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक सितंबर 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन भाजपा इसे लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर वार्ड, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर सच्चाई जनता तक पहुंचाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित