चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने सोनीपत में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर दी है।

डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि संसद में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और द्रमुक के सांसदों ने महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करने के बजाय उनका उपहास उड़ाया। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया, लेकिन विपक्ष ने इसमें बाधा डालनेका काम किया। उनके अनुसार कांग्रेस ने 70 करोड़ महिलाओं के सपनों को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने कांग्रेस के पुराने फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी का रिकॉर्ड महिलाओं के हितों के खिलाफ रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नहीं चाहती कि सामान्य परिवारों की महिलाएं राजनीति में आगे आयें।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने मोदी सरकार की योजनाओं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला और जनधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में महिलाएं कांग्रेस को जवाब देंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित