अलवर , जुलाई 05 -- राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग करते हुए कहा कि संसद से पारित होने के बावजूद इसे अब तक लागू नहीं किया गया है।
श्री जूली रविवार को अपने कार्यालय में जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में आयोजित महिला आरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजने और मिस्ड कॉल के माध्यम से नये सदस्यों को महिला कांग्रेस से जोड़ने के अभियान की भी जिले में शुरुआत की गयी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में महिला आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं को भी उनका उचित प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। महिला आरक्षण कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में आगे बढ़ा और कानून बनने के बाद भी केंद्र सरकार इसे लागू करने से बच रही है।
श्री जूली ने कहा कि देश में जनगणना और अन्य प्रक्रियाएं चल रही हैं, लेकिन पंचायत और नगर निकाय चुनावों में भी महिला आरक्षण लागू नहीं किया जा रहा है, जबकि इसे तुरंत प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से जुड़े सुझावों के मुद्दे पर श्री जूली ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में अलग व्यवस्था अपनाने के बजाय केंद्र सरकार को पूरे देश में एक समान नीति लागू करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास और शिक्षा के मुद्दों से ध्यान हटाकर हिंदू-मुस्लिम जाति-धर्म की राजनीति कर रही है।
पिछले 15 दिनों से आंदोलनरत आशा सहयोगिनियों के समर्थन में श्री जूली ने कहा कि राजस्थान सरकार किसी भी वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुन रही है और राज्य के विभिन्न वर्ग अपनी मांगों को लेकर परेशान हैं।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने, ओबीसी महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने और इस संबंध में प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेजकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित