नागपुर/कोल्हापुर , अगस्त 23 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों और पुणे दौरे पर तीखा हमला बोला है। दोनों भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर छात्रों के बीच राजनीतिक नाटक रचने और महिलाओं के अधिकारों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
पुणे में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का जिक्र करते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि उनके खाने के दांत और दिखाने के दांत अलग-अलग हैं।
फडणवीस ने आरोप लगाया, "एक तरफ राहुल गांधी महिला अधिकारों की बात करते हैं, तो दूसरी तरफ उन्होंने संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले ऐतिहासिक विधेयक का विरोध किया था।"उधर, कोल्हापुर के श्री महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन के बाद राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा वास्तविक मुद्दों के हल के बजाय राजनीतिक नाटक खड़ा करने और छात्रों को भड़काने के इरादे से था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित