संतकबीरनगर , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को गैंगस्टर अधिनियम तथा महिला संबंधी गंभीर अपराधों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए महिला अपराधों की जांच में लापरवाही बरतने वाले सात विवेचकों के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में हत्या, दहेज हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, छेड़खानी, शीलभंग तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं से संबंधित लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचकों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ जांच पूरी करने के निर्देश दिए।
श्री मीना ने कहा कि विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, गवाहों के समयबद्ध बयान तथा आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यक्ष ऐप, ई-समन और एस-आईडी प्रणाली के प्रभावी प्रयोग पर भी विशेष जोर दिया।
महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में लापरवाही पाए जाने पर सात विवेचकों के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित पैदल गश्त, निरोधात्मक कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित