नोएडा , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-58 थाना पुलिस ने महिलाओं पर पीछे से धारदार वस्तु से हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और कैंची भी बरामद की है। आरोपी सुनसान रास्तों पर अकेली महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था।
पुलिस द्वारा शनिवार को कार्रवाई की जानकारी दी गई, उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दो महिलाएं सेक्टर-58 थाना पहुंचीं और शिकायत दी कि जब वे सेक्टर-55 रोड से अपने घर लौट रही थीं, तभी स्कूटी सवार एक युवक पीछे से आया और उनकी कमर के नीचे किसी नुकीली धारदार वस्तु से हमला कर फरार हो गया। हमले में दोनों महिलाओं को चोटें आईं।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की। शनिवार के दिन सेक्टर-55/56 रोड के पास से आरोपी अंकित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित वर्मा (26 वर्ष) पुत्र राजेश वर्मा निवासी प्रगति विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2020 से सेक्टर-62 स्थित एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपनी स्कूटी से सुनसान रास्तों पर घूमता था और अकेली महिलाओं एवं लड़कियों को देखकर पीछे से कैंची से हमला करता था। आरोपी के इस तरीके से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित