पटना , अप्रैल 22 -- बिहार सरकार की पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता श्रेयसी सिंह ने राजनीति के क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं के खिलाफ सांसद पप्पू यादव की अभद्र टिप्पणी की निंदा की और कहा कि श्री यादव और उनके समर्थन में खड़ी कांग्रेस पार्टी को इस देश की महिलाओं से अविलंब माफी मांगनी चाहिए।
सुश्री सिंह ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री यादव का वक्तव्य उनकी गलत सोच का परिचायक है और यह बताता है कि उनकी परिवारिक परवरिश कैसी हुई है तथा वह अपने परिवार की महिलाओं के साथ कैसा बर्ताव करते होंगे। उन्होंने कहा कि श्री यादव की पत्नी खुद एक सांसद हैं और भविष्य में उनकी बेटी भी सार्वजनिक जीवन में आने का निर्णय ले सकती है। उन्होंने कहा कि क्या श्री यादव अपनी पत्नी और बेटी के साथ भी इसी तरह का व्यवहार करेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद श्री यादव को महिलाओं के प्रति की गई इस अभद्र टिप्पणी के लिए सार्वजनिक तौर से माफी मांगनी चाहिए।
बिहार सरकार की पूर्व मंत्री ने कहा कि पप्पू यादव को कांग्रेस पार्टी का संरक्षण प्राप्त है और इस मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी सांसद बहन प्रियंका गाँधी को भी आगे आ कर पप्पू यादव की भर्त्सना करते हुए माफी मांगनी चाहिए।
यूनीवार्ता के सवाल कि क्या वह इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलीं है, जिन्होंने कहा था कि महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वालों को पाताल से खिंच कर सजा दी जाएगी, के जवाब सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के संज्ञान में इस घटना को लायेंगी और कार्रवाई की मांग करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित