भरतपुर , जुलाई 27 -- राजस्थान में महिलाओं ने राज्य स्तर पर पुलिस की तरफ से जारी महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों के तहत सोमवार को भरतपुर में पुलिस के उच्चाधिकारियों के सामने पुलिस की लापरवाही के चलते रातभर शराब बिकने की शिकायत की।
रेंज की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. प्रीति चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश मीना की मौजूदगी में शहर के रसाला मोहल्ले में महिलाओं ने आरोप लगाया कि बी-नारायण गेट स्थित शराब ठेके पर रातभर शराब बिकती है। इससे मोहल्ले में असामाजिक तत्वों आना जाना बना रहता है। महिलाओं ने बताया कि असामाजिक तत्व शराब पीकर मोहल्ले में उत्पात मचाने के साथ ही छेड़छाड़ करते हैं। जब पुलिस थानों में इसकी शिकायत की जाती है तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारी उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें फटकार कर भगा देते हैं।
महिलाओं की शिकायतों से अवाक डा चंद्रा ने थानाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि ऐसी शिकायत फिर दोबारा नहीं आनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित