मिर्जापुर , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का सपा का दावा केवल "मुंगेरी लाल के हसीन सपने" जैसा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और किसी भी प्रकार के झूठे वादों में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की कोई भी महिला सपा की साइकिल का बटन नहीं दबाएगी। चाहे चालीस लाख दें दें।सपा सैफई तक रह जाएंगी। श्री मौर्य ने विंध्याचल स्थित विश्वप्रसिद्ध माता विंध्यवासिनी धाम में विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की राजनीति पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें वर्ष 2014 से ही मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है और इसी आशीर्वाद के बल पर भाजपा लगातार मजबूत होती जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी मां का आशीर्वाद भाजपा के साथ रहेगा और प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी सैफई तक सिमटकर रह जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित