पटना, सितंबर 19 -- ाज्य में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक विशेष पहल शुरू की गई है, जिसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में स्कूटी सवार 'पुलिस दीदी' की तैनाती की जा रही है। ये पुलिस दीदियां विशेष रूप से महिला कॉलेज, स्कूल, पार्क, अस्पताल, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पेट्रोलिंग कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। छेड़खानी, पीछा करने, महिलाओं को परेशान करने या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस दीदियां तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करेंगी।
अगस्त 2026 से शुरू की गई इस पहल के पहले चरण में 1,408 पुलिस दीदियों की टीम को विभिन्न जिलों में तैनात किया जा रहा है। इनका उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरत के समय उन्हें त्वरित पुलिस सहायता मुहैया कराना है। खासकर स्कूल, कॉलेज, महिला छात्रावास, अस्पताल और बाजार जैसे स्थानों पर इनकी नियमित मौजूदगी महिलाओं और बालिकाओं के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करेगी।
पुलिस दीदी आशा कुमारी ने कहा कि बिहार के कर्मठ मुख्यमंत्री ने महिलाओं की रक्षा के लिए नया प्रारूप तैयार किया है। जिससे महिलाओं को बाहर के साथ-साथ घर के भीतर भी किसी प्रकार का प्रताड़ना का सामना नहीं करना होगा। मुख्यमंत्री द्वारा महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया गया है। अब हमारे बिहार की महिलाओं के विकास की गति को नया रफ्तार प्रदान होगा। साथ ही शिक्षा से लेकर स्वास्थ स्थलों पर महिला आजादी के साथ घुम सकेंगी।
इस अभियान में शामिल राजधानी के पत्रकार नगर थाना में तैनात पुलिस दीदी एसआई अंकिता ने कहा कि थाना अंतर्गत महिला हॉस्टल,स्कूल, कॉलेज व पीजी में रहने वाली लड़कियों को सुरक्षा के साथ जागरूक भी किया जा रहा है, जिससे समस्या उत्पन्न होने पर थाने में जाने से अच्छा सीधे हमारे पास मदद के लिए आ सकें।
मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किये गये पुलिस दीदी अभियान से महिला सुरक्षा के साथ-साथ आत्मबल में भी वृद्धि होगी। साथ ही महिलाओं पर होने वाले जुर्म पर अब और तेजी से कार्रवाई किया जायेगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर रक्षाबंधन के अवसर पर बीते अगस्त महीने में प्रदेश के सभी जिलों में 1,408 स्कूटी सवार 'पुलिस दीदियों' की नई टीम तैनात की गई है। महिला सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में शुरू की गई इस पहल के तहत पुलिस दीदियां महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा पुलिस सहायता और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी देंगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और जरूरत के समय त्वरित पुलिस सहायता पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित