नागौर , मई 14 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए केन्द्र सरकार को प्रतिबद्ध बताते हुए दावा किया है कि महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार मिलकर रहेगा और दुनिया की कोई ताकत इसे रोक नहीं सकती।
श्री सिंह गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में श्री राव दूदा मेड़तिया की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शायद इसमें विलंब हो सकता है, लेकिन यह संकल्प लिया गया है कि इसे पूरा करके ही रहेंगे और दुनिया की कोई ताकत हमें रोक नहीं सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिला सम्मानित नहीं हाेती, वह समाज कभी तरक्की नहीं कर सकता हैं। उन्होंने कहा कि गौरव की अनुभूति होती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतत्व में केन्द्र सरकार महिलाओं को सम्मान देने के भाव से काम कर रही है और लगातार अपने कदम आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए विधेयक लेकर आये, लेकिन विडम्बना रही कि विपक्ष के साथियों ने उसे पारित नहीं होने दिया। हम प्रतिबद्ध हैं और शायद विलंब हो सकता हैं, यह संकल्प लिया गया हैं उसे पूरा करके रहेंगे। श्री सिंह ने कहा कि यह बिल केवल बिल नहीं बल्कि सामूहिक इच्छा शक्ति का यह एक परिचायक हैं।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक एक बार भले ही सदन के मैदान में पराजित हो गया, लेकिन इच्छा शक्ति को कोई पराजित नहीं कर सकता हैं। हमारी इच्छा शक्ति और मजबूत हुई हैं और पूरा विश्वास है कि वह समयभी आयेगा और महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार मिलकर रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित