कौशांबी , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बुधवार को जिले में प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार की समस्त बसों में माताओं, बहनों एवं बेटियों को उनके सहयात्री सहित नि:शुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उदयन सभागार में किया गया। मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को साड़ी प्रदान कर सम्मानित भी किया।

श्री राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की है। उत्तर प्रदेश परिवहन की बसें देश में जहां तक संचालित होती हैं, महिलाएं वहां तक नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार ने माताओं, बहनों और बेटियों को विशेष उपहार दिया है। 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक तीन दिनों के लिए महिलाएं अपने सहयात्री के साथ नि:शुल्क बस यात्रा कर सकेंगी। यह पहल महिलाओं के सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

श्रम एवं सेवायोजन मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए लगातार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जा रहा है, जिससे वे अपने परिवार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास और डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों के समानता, सम्मान और सामाजिक उत्थान के विचारों से प्रेरणा लेते हुए सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार 50 हजार बेटियों को स्कूटी देने जा रही है तथा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है।

श्री राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के साथ गरीबी उन्मूलन और प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन आएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित