नयी दिल्ली , मार्च 10 -- ओलंपियन मनु भाकर ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आज समाप्त हुए नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी3 (ग्रुप ए) के 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग के फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। ट्रायल-2 की विजेता सैन्यम दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि ईशा सिंह ने आठ शूटरों के फाइनल में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मनु भाकर फाइनल में आखिरी क्वालिफायर के रूप में पहुंची थीं, लेकिन दूसरे सीरीज के बाद उन्होंने बढ़त बना ली और अंत तक उसे बरकरार रखते हुए 246.1 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। यह स्कोर वर्ल्ड कप फाइनल की रजत पदक विजेता सैन्यम(241.9) से 4.2 अंक अधिक था। एशियन चैंपियनशिप की स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता ईशा सिंह 220.6 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

एशियन गेम्स चैंपियन पलक गुलिया 200.2 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं। उनके बाद अंजलि चौधरी (179.8) पांचवें स्थान पर रहीं। सुरभि राव 158.2 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहीं, जबकि प्रांजलि प्रशांत धुमाल और मुस्कान ने क्रमशः 138.7 और 117.0 के स्कोर के साथ शीर्ष आठ में अपनी जगह बनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित