मुंबई , अक्टूबर 07 -- सोनी सब के मेडिकल ड्रामा 'यादें' के आगामी ट्रैक में महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाया जाएगा। नवरात्रि के अवसर पर प्रसारित होने वाले इस ट्रैक में डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) किलारी गांव की महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती नजर आएंगी।

कहानी में एक महिला स्वास्थ्य संबंधी समस्या लेकर डॉ. सृष्टि के पास आती है, लेकिन सामाजिक झिझक और शर्म के कारण अपनी परेशानी खुलकर बताने में हिचकिचाती है। इससे डॉ. सृष्टि को एहसास होता है कि सामाजिक मान्यताओं के कारण गांव की महिलाएं अपने स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर बातचीत नहीं कर पाती हैं।

डॉ. सृष्टि महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने के महत्व के बारे में जागरूक करने का फैसला करती हैं। हालांकि, उनके इस प्रयास का गांववालों की ओर से विरोध किया जाता है। इस बीच डॉ. देव (इकबाल खान) उनका साथ देते हैं और महिलाओं के लिए जागरूक एवं खुले माहौल के निर्माण में सहयोग करते हैं।

आगामी ट्रैक के बारे में गुलकी जोशी ने कहा, "महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे एक महत्वपूर्ण विषय हैं, जिन पर हमारे समाज में और खुलकर बात किए जाने की आवश्यकता है। डॉ. सृष्टि चाहती हैं कि महिलाएं समझें कि उनका स्वास्थ्य ऐसी चीज नहीं है, जिसके बारे में उन्हें झिझक या शर्म महसूस करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेना पूरी तरह सामान्य बात है।"उन्होंने कहा, "मुझे यह बात बहुत पसंद है कि गांववालों के विरोध के बावजूद डॉ. सृष्टि अपने कदम पीछे नहीं खींचतीं। इस पूरी यात्रा में डॉ. देव का उनका साथ देना इसे और खास बनाता है। मुझे उम्मीद है कि यह ट्रैक महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के बारे में अधिक खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करेगा और उन्हें याद दिलाएगा कि खुद को प्राथमिकता देने के लिए उन्हें अपराधबोध या शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए।"'यादें' का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे सोनी सब पर किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित