पटना , नवंबर 29 -- बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के संकल्प को नई गति दे रही है।
श्री नवीन ने बयान जारी कर कहा कि बिहार की दस लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10-10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिये 1,000 करोड़ रुपये का सीधा हस्तांतरण उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और अवसरों के नए अध्याय की शुरुआत करेगा।
मंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूती प्रदान करेगा, बल्कि उनके सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक प्रगति को भी नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य सिर्फ़ सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर बिहार की विकास यात्रा में उनकी सक्रिय और निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
श्री नवीन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा महिलाओं की आत्मनिर्भरता, सम्मान और प्रगति राजग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री द्वारा लिया गया यह निर्णय लाखों महिलाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाते हुए उनके सपनों को नई उड़ान देगा। उन्होंने कहा कि राजग सरकार का यह कदम सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक पहल है, जो बिहार को आत्मनिर्भर, सक्षम और प्रगतिशील राज्य बनाने की दृष्टि को और सशक्त करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित