कानपुर , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए लगातार निर्णय ले रही है।

रक्षाबंधन के पर्व से पहले बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) का सभागार मातृशक्ति के सम्मान और उत्सव का साक्षी बना। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना के शुभारंभ के अवसर पर श्री सचान ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों के घर आने-जाने में परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से निःशुल्क बस यात्रा की शुरुआत की गई थी। महिलाओं की सुविधा को देखते हुए बाद में इसमें सहयात्री को भी शामिल किया गया।

प्रदेश सरकार की बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इससे रक्षाबंधन पर महिलाओं को अपने भाइयों और परिजनों के घर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर दिए गए संदेश पर मातृशक्ति में खासा उत्साह दिखाई दिया।

श्री सचान ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण की सरकार की मुहिम केवल यात्रा सुविधा तक सीमित नहीं है। आवास, आजीविका, आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह समेत परिवहन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित