पटना , जून 03 -- राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को और मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महिला एवं बाल विकास निगम जल्द ही छह नए वन स्टॉप सेंटर शुरू करने जा रहा है। महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग के माध्यम से राज्यभर में छह नए वन स्टॉप सेंटर निर्माणाधीन है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही राज्य में संचालित कुल वन स्टॉप सेंटर की संख्या 65 हो जाएगी। वर्तमान में 59 वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। प्रत्येक केंद्र में 13 प्रशिक्षित कर्मियों की टीम मौजूद है, जो पीड़िता को आश्रय, चिकित्सकीय सहायता, भोजन, कपड़े, मनो-सामाजिक एवं कानूनी परामर्श समेत अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रहें हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नए केंद्रों को जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर अनुमंडल मुख्यालयों पर स्थापित किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी आसानी से इसका लाभ ले सकें।
पिछले तीन वर्षों में इन केन्द्रों पर कुल 25 हजार 804 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 21 हजार से अधिक मामलों को निपटा लिया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 7,517 मामलों में से 6,599, वर्ष 2024-25 में 8,888 मामलों में से 7,185 तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8,494 मामलों में से 7,440 मामलों का निपटारा किया गया है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल महीने तक 905 में से 623 मामलों का निपटारा किया गया है। पीड़िता मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 पर फोन कर सकती हैं। इसके साथ ही त्वरित सहायता के लिए वन स्टॉप केन्द्रों को इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम 112 से भी जोड़ा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित