भोपाल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को नई ऊंचाइयां देने के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष पहल की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम की भावना को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश में 10 से 25 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अप्रैल को शाम 4 बजे भोपाल के रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें "महिला नेतृत्व की यात्रा" विषय पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शासन व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और नीति-निर्माण में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श होगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करते हुए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराएंगे।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, प्रतिभा बागरी और राधा सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी महिलाएं और शिक्षाविद शामिल होंगी।

समारोह में पद्मश्री से सम्मानित महिलाओं, चिकित्सकों, वकीलों, कलाकारों और इंजीनियरों के साथ ही लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी योजना से जुड़ी हितग्राही, स्व-सहायता समूह की सदस्य, महिला कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पखवाड़े के दौरान पूरे प्रदेश में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं, नारी शक्ति पदयात्राएं और शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों और भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की निर्णय क्षमता में वृद्धि से सामाजिक चेतना और जनविश्वास दोनों मजबूत होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित