रायपुर , सितंबर 02 -- भारतीय जनता पार्टी की (भाजपा) महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कहा कि देश में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आगे बढ़ने के लगातार अवसर मिल रहे हैं तथा शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में मीडिया को संबोधित करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि उन्हें महिलाओं के बीच काम करने का अवसर मिला है और इस दौरान महिलाओं की स्थिति में आए बदलाव को करीब से देखने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले महिलाओं को अपना खर्च चलाने के लिए दूसरों के सामने हाथ फैलाने पड़ते थे, लेकिन अब स्थिति कुछ और है। महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और उन्हें आगे बढ़ने के निरंतर अवसर मिल रहे हैं।
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। भारत विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बने और इसमें महिलाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान हो, इसी संकल्पना के साथ काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में लगभग 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। आज की महिलाएं केवल रसोई संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के कई क्षेत्रों में अपना योगदान दे रही हैं। शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों में बढ़ती भागीदारी इस बदलाव को दर्शाती है।
देश की वृद्धि दर में 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बाद भी ग्रोथ रेट बढ़ रहा है, इसलिए सबको बधाई। उन्होंने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ इच्छा शक्ति से हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित