मुरैना , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि महिलाओं और किसानों का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है।

श्री वर्मा आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की जी राम जी योजना को लेकर पार्टी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करने पहुंचे थे। पत्रकार वार्ता के बाद चुनिंदा मीडिया कर्मियों द्वारा कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं पर दिए गए बयान को लेकर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला इकाई ने इस बयान की कड़ी निंदा की है तथा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए विधायक के पुतले जलाए गए हैं।

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि यही वह विधायक फूल सिंह बरैया हैं, जिन्होंने पहले दावा किया था कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी और यदि बनी तो वे अपना मुंह काला करेंगे। इसके बावजूद भाजपा की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनी, लेकिन विधायक ने केवल गाल पर काजल लगाकर औपचारिकता निभाई।

उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं और किसानों का अपमान किया है और यह उसका पुराना चरित्र रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित