नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि सरकार की प्रगतिशील सोच और नीतियों के कारण प्रत्येक क्षेत्र में देश की महिलाओं ने तेजी से प्रगति की है और महिला सशक्तिकरण की योजना लखपति दीदी की लाभार्थियों की संख्या दो करोड़ से अधिक हो गयी है तथा इसे जल्दी ही तीन करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा , " मेरी सरकार की प्रगतिशील सोच और नीतियों के परिणामस्वरूप देश के प्रत्येक महत्वाकांक्षी क्षेत्र में महिलाओं ने तीव्र प्रगति की है। इसी दिशा में, कुछ महीने पहले देश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जब राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से महिला कैडेट्स का पहला बैच पास आउट हुआ। इससे यह विश्वास और भी सुदृढ़ हुआ है कि देश के विकास और सशक्तिकरण में 'नारी शक्ति' सर्वोपरि है।"उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के सशक्तिकरण की योजना लखपति दीदी के तहत लाभार्थियों की संख्या दो करोड़ से अधिक हो गयी है और इसे आने वाले समय में तीन करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित