जालौर , मई 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जालौर के पंसेरी में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा अनुसार महिला, युवा, किसान और मजदूर के उत्थान के प्रण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। इनके कल्याण से ही देश-प्रदेश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उनके गरिमापूर्ण जीवन के लिए प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, घर-घर शौचालय का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर वितरण, हर घर नल से जल और जन-धन खाते खुलवाकर महिलाओं और बेटियों को सशक्त करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला नेतृत्व की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण की मजबूत पहल की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मा वाउचर योजना के तहत फ्री सोनोग्राफी की जा रही है। बालिकाओं को 13 लाख से अधिक साइकिलों और 44 हजार से अधिक स्कूटियों को वितरित कर लाभान्वित किया गया है। लाडो प्रोत्साहन योजना में बालिकाओं के जन्म पर 1 लाख 50 हजार रुपये का सेविंग बॉण्ड भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना से महिलाएं सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सक्षम बन रही हैं। प्रदेश में 17.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। राजीविका ने महिला आत्मनिर्भरता को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा एवं महिलाओं के लिए निरंतर भर्तियां भी निकाल रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास रथ का अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने एएनएम पद पर नवनियुक्त कार्मिक गीता विश्नोई, ममता कुमारी, भाग्यवती कुमारी और अनिता गोदारा से संवाद किया। कार्यक्रम में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, विधायक छगन सिंह राजपुरोहित एवं जीवाराम चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित