महासमुंद , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बनसिवनी गांव एवं कमार डेरा क्षेत्र से 247 लीटर शराब जब्त की है। इस दौरान 600 किलोग्राम महुआ लाहन भी बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनसिवनी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने दलबल के साथ छापामार कार्रवाई की।
छापे के दौरान पुलिस ने अवैध महुआ शराब बनाने में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जब्त की है। जब्त की गई महुआ शराब की अनुमानित कीमत 84 हजार 400 रुपये बताई जा रही है, वहीं 600 किलोग्राम लाहन की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है, जिसे विधिवत नष्ट किया गया।
पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 25 से 49 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी आरोपी ग्राम बनसिवनी के निवासी हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित