महासमुंद , अगस्त 28 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलोग्राम गांजा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बिरकोनी स्थित महाराजा ढाबा के पास एक मिनी ट्रक की जांच की। तलाशी के दौरान तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने वाहन से 170.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा के बौद्धगढ़ से गांजा लेकर आए थे और इसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सप्लाई करने की तैयारी थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा मिनी ट्रक, एक स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। गांजा सहित जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 97 लाख तीन हजार 970 रुपये आंकी गई है।

कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित