महासमुंद , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक सनसनीखेज मामले में रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से लापता एक युवक का शव आज महानदी किनारे मिट्टी में दफन अवस्था में बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भूनेश्वर यादव (38) के रूप में हुई है, जो पेशे से क्रेन ऑपरेटर था। वह 22 मई से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मंदिर हसौद थाना, जिला रायपुर में दर्ज कराई गई थी।
मंदिर हसौद पुलिस से मिली सूचना के आधार पर महासमुंद कोतवाली पुलिस ने ग्राम नांदगांव स्थित महानदी किनारे पहुंचकर मिट्टी में दफन सड़ी-गली अवस्था में शव को बाहर निकाला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार शराब सेवन के दौरान हुए विवाद के बाद युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
कोतवाली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा हिरासत में लिए गए चार संदेहियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा जल्द किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित