महासमुंद , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में नगरपालिका द्वारा निर्मित पौनी पसारी चबूतरे पर बुधवार को एक पुलिस आरक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोतवाली थाने में पदस्थ आरक्षक कृष्णा पटेल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों से शव मिलने की सूचना प्राप्त होने पर बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान आरक्षक कृष्णा पटेल के रूप में होने के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में आरक्षक शाम के समय मोटरसाइकिल से जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरक्षक की गतिविधियों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित