महासमुंद , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जुए के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने ग्राम घुचापाली के चंडी मंदिर के पीछे जंगल में संचालित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने नकदी सहित कुल 20 लाख 35 हजार 100 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बागबाहरा पुलिस की टीम गठित कर देर रात मौके पर घेराबंदी की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही कई लोग भाग निकले, जबकि 12 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से तीन लाख 60 हजार 100 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 14 मोबाइल फोन, पांच मोटरसाइकिल, दो कार तथा एक सीएफएल बल्ब बरामद किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 20 लाख 35 हजार 100 रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 (छोटे संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चार आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित