महासमुंद , जून 29 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत जिला स्तरीय मादक पदार्थों के निस्तारण संबंधी समिति की निगरानी में लगभग पांच करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जब्त गांजा को नष्ट किया गया है।

जिला पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार बालाजी प्लांट, बेलसोंडा में पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में कोमाखान, बसना और सांकरा थाना क्षेत्रों के सात एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त कुल नौ क्विंटल 98 किलोग्राम 70 ग्राम गांजे का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

उन्होंने बताया कि नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत पांच करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय मादक पदार्थों के निस्तारण संबंधी समिति की निगरानी में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।

पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित