महासमुंद , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में ओडिशा की सीमा से लगे बलौदा थाना क्षेत्र में 15 माओवादियों के आत्मसमर्पण की संभावना जतायी गयी है।
अपुष्ट सूत्रों के अनुसार बलांगीर-बरगढ़-महासमुंद (बीबीएम) कमेटी से जुड़े करीब 15 माओवादी आत्मसमर्पण कर सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पतेरापाली, कापू कुंडा और जामपाली के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की आशंका बनी हुई है। इसी क्रम में एक प्रतिनिधिमंडल की जंगल में माओवादियों से मुलाकात भी हुई है, जिसमें उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए समझाइश दी गई। बताया जा रहा है कि पतेरापाली और सहजपाली के जंगल क्षेत्रों में आत्मसमर्पण से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से जिला पुलिस एवं सरकार ने माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की है। पोस्टर में पहले आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों की तस्वीरें भी जारी की गई हैं, ताकि अन्य नक्सलियों को प्रेरित किया जा सके।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा की पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से अपील जारी की गई है। पोस्टर में संपर्क में रहे माओवादियों के साथ-साथ जिला पुलिस के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित