महासमुंद , अगस्त 14 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, आम नागरिकों, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस बल, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मिनी स्टेडियम से आयोजित दौड़ को छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने 'भारत माता की जय' सहित देशभक्ति के नारे लगाते हुए राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर बरोण्डा चौक, शास्त्रीय चौक, सतबहिनिया चौक, गांधी चौक और नेहरू चौक से होते हुए पुनः मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

आयोजन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले आयोजित इस दौड़ में विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी ने शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का वातावरण बनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित