महासमुंद , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश चक्का जाम के रूप में सामने आया। गुरुवार को सरायपाली से सरसींवा मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीण सागरपाली चौक के पास धरने पर बैठ गए और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 40 किलोमीटर लंबी इस सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

धरने को समर्थन देने स्थानीय विधायक चातुरी नंद भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित