महासमुंद , फरवरी 20 -- ) छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धूमाभाटा में ग्रामीणों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी बसना के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी तिल्दा नेवरा का रहने वाला है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने ग्रामीणों को व्यावसायिक कार्य कराने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए। ये खाते बैंक ऑफ महाराष्ट्रा की बसना शाखा में खुलवाए गए थे। खाते खुलने के बाद आरोपियों ने इन्हीं खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दूसरे व्यक्तियों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर संदिग्ध ट्रांजैक्शन किए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि खाताधारकों को लेनदेन की वास्तविक जानकारी नहीं थी और उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया।

मामले की शिकायत मिलने पर बसना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर जांच शुरू की। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अवैध लेनदेन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित