महासमुंद , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की कोमाखान पुलिस ने शुक्रवार को ईंट, रेत और सरिया चोरी करने वाले शातिर एवं आदतन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 15 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पंचु निषाद (38 वर्ष), निवासी चंदरपुर, शक्ति का रहने वाला है, जो आदतन अपराधी है। आरोपी पूर्व में जांजगीर-चांपा से इलाज के दौरान फरार हो गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 32 लाख 38 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 163.310 ग्राम सोना एवं 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं।

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच महासमुंद जिले में लगातार 15 चोरियों को अंजाम दिया। इसके अलावा वह महासमुंद, दुर्ग एवं जांजगीर-चांपा जिलों में भी चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।

इस मामले में पुलिस ने केवल आरोपी को ही नहीं बल्कि चोरी का सामान खरीदने वाले चार ज्वेलर्स को भी आरोपी बनाते हुए जांच की दिशा आगे बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी का सामान किन-किन माध्यमों से खपाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित