महासमुंद , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने एक कार के गुप्त चेंबर से करीब 38 किलोग्राम गांजा बरामद कर बिहार के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 18.97 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल के पास वाहन जांच के दौरान महाराष्ट्र पंजीयन की जेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में बनाए गए गुप्त (सीक्रेट) चेंबर से 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर जिले निवासी श्रवण यादव के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित