महासमुंद , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद स्थित कांग्रेस भवन में गुरुवार को पार्टी नेताओं के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कांग्रेस कार्यकर्ता निर्मल जैन शामिल रहे। विवाद इतना बढ़ गया कि कांग्रेस भवन परिसर में कुर्सियां टूट गईं और कांच के गिलास बिखर गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस भवन में दोपहर करीब 2 बजे महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। पत्रकार वार्ता समाप्त होने के बाद अधिकांश लोग वहां से चले गए।

जानकारी के अनुसार, करीब साढ़े तीन बजे जिला उपाध्यक्ष विजय साव और अन्य कार्यकर्ताओं के बीच पत्रकार वार्ता की सूचना समय पर नहीं देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई। इस दौरान तीनों पक्षों ने एक-दूसरे पर प्लास्टिक की कुर्सियों से हमला किया, जिससे उनके कपड़े भी फट गए और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद विजय साव को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर सख्ती बरतते हुए उन्हें भवन से बाहर किया गया।

घटना के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने विजय साव के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है और उनके खिलाफ सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित