प्रयागराज , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम की रेती पर आयोजित माघ मेले के छठवें और अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पवित्र संगम तट पर सुबह से ही हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
इसी बीच मेले में एक भावुक दृश्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले से आए राम भजन यादव अपनी 100 वर्षीय बुजुर्ग मां को कंधे पर बैठाकर संगम तक पहुंचे और उन्हें महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर स्नान कराया। उनकी मां चलने-फिरने में असमर्थ हैं, ऐसे में उन्होंने कई किलोमीटर का सफर तय कर मातृसेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
राम भजन यादव अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने भी संगम आए थे। उन्होंने बताया कि मां की इच्छा थी कि वह महाशिवरात्रि पर संगम स्नान करें, इसलिए वह उन्हें साथ लेकर आए। कंधे पर बैठाकर मां को स्नान कराते देख श्रद्धालु भावुक हो उठे।
मेले में मौजूद लोगों ने राम भजन यादव को 'कलयुग का श्रवण कुमार' कहकर सम्मानित किया। कई श्रद्धालुओं ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर मातृभक्ति की इस मिसाल की सराहना की। आस्था, सेवा और समर्पण का यह दृश्य माघ मेले में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित