उज्जैन , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश की प्राचीन धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज रविवार शाम तक लगभग 3,96,278 श्रद्धालुओं ने सुगमता और सुव्यवस्था के साथ दर्शन किए।

शिव नवरात्रि उत्सव फाल्गुन कृष्ण पंचमी 6 फरवरी से शुरू होकर महाशिवरात्रि महापर्व के अगले दिन तक चलेगा। 14 फरवरी की मध्यरात्रि से 44 घंटे तक महाकालेश्वर भगवान के पट दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए खुले रहे। महाशिवरात्रि के दिन भस्मार्ती प्रातः 2:30 बजे संपन्न हुई।

मंदिर प्रशासन ने चार धाम पार्किंग एवं हरसिद्धि पाल मार्ग से श्रद्धालुओं के प्रवेश को व्यवस्थित किया। सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, टेंट एवं मैटिंग, चिकित्सा हेल्पडेस्क सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित इंतजाम किया गया।

मंदिर में भस्मार्ती के बाद 07:30 से 08:15 तक दद्योदक आरती, 10:30 से 11:15 तक भोग आरती हुई। दोपहर 12:00 बजे उज्जैन तहसील की ओर से पूजन-अभिषेक संपन्न हुआ। सायं 4:00 बजे होल्कर व सिंधिया स्टेट की ओर से पूजन व पंचामृत पूजन किया गया।

रात्रि में 08:00 से 10:00 बजे कोटितीर्थ कुण्ड के तट पर कोटेश्वर महादेव का पूजन, सप्तधान्य अर्पण, पुष्प मुकुट श्रृंगार (सेहरा) एवं आरती की गई। 15 फरवरी की रात 10:30 बजे से महाअभिषेक पूजन हुआ, जिसमें 11 ब्राह्मणों द्वारा रूद्रपाठ और विभिन्न मंत्रों के माध्यम से भगवान महाकालेश्वर का अभिषेक किया गया।

अभिषेक में भस्म लेपन, पांच फलों के रस से पूजन, पंचामृत पूजन (दूध, दही, घी, शहद, खांडसारी शक्कर, गंगाजल, गुलाब जल, भांग एवं केसर मिश्रित दूध) शामिल रहा। उसके पश्चात भगवान को नवीन वस्त्र पहनाकर सप्तधान्य का मुखारविंद धारण कराया गया। पुष्प मुकुट (सेहरा), चंद्र मुकुट, छत्र, त्रिपुंड व अन्य आभूषणों से श्रृंगारित कर विभिन्न मिष्ठान्न, फल एवं पञ्च मेवा अर्पित किए गए।

कल 16 फरवरी को प्रातः सेहरा दर्शन के बाद भस्मार्ती और भोग आरती होगी। इसके पश्चात शिवनवरात्रि का पारणा किया जाएगा और सायं पूजन, आरती एवं शयन आरती के बाद भगवान महाकालेश्वर के पट मंगल होंगे। महाशिवरात्रि पर्व का समापन 18 फरवरी 2026 को पंच मुखारविंद (पाँच स्वरूप एक साथ) के दर्शन के साथ होगा। इस अवसर पर महंत विनीत गिरी महाराज ने पूर्व ध्वजा का पूजन किया और शिखर पर नवीन ध्वजा अर्पित की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित