रायपुर , जून 18 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भगवान महावीर और जैन दर्शन के सिद्धांत आज भी मानवता को शांति, आत्मसंयम, करुणा और अहिंसा का मार्ग दिखाते हैं तथा वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता और बढ़ गई है।
श्री बिरला गुरुवार को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आचार्य पदारोहण एवं सहस्त्रावधान तपस्या महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित थे। दोनों नेताओं ने जैन मुनियों का आशीर्वाद प्राप्त किया और आचार्य पद पर प्रतिष्ठित हो रहे विनयकुशल मुनि को नमन किया।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आचार्य पद केवल एक पद नहीं, बल्कि तप, त्याग, ज्ञान और समाज को दिशा देने वाली साधना का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व आज तनाव और संघर्षों से जूझ रहा है, ऐसे समय में जैन दर्शन की शिक्षाएं मानवता को नई दिशा प्रदान कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि विनयकुशल मुनि का आचार्य पदारोहण संपूर्ण जैन समाज के लिए गौरव का विषय है। वहीं शतावधानी हंसभद्र मुनि ने अपनी विलक्षण स्मरणशक्ति, ज्ञान और साधना के बल पर विशेष पहचान बनाई है। उनका तप और साधना समाज को प्रेरणा प्रदान कर रही है।
श्री बिरला ने कहा कि भौतिक संसाधन केवल सुविधाएं दे सकते हैं, लेकिन जीवन का वास्तविक सुख आत्मनियंत्रण, आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक साधना से प्राप्त होता है। जैन संतों का तपस्वी जीवन मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार आयोजित हो रहा यह आचार्य पदारोहण महोत्सव प्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। श्रद्धा, साधना और संस्कृति का यह विराट आयोजन पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अवसर बन गया है।
श्री साय ने कहा कि विनयकुशल मुनि का आचार्य पद पर पदारोहण उनके ज्ञान, तप, संयम, साधना और समाज के प्रति समर्पित जीवन का सम्मान है। उन्होंने 14 वर्षीय बाल मुनि शतावधानी हंसभद्र मुनि की अद्भुत स्मरणशक्ति और ज्ञान-साधना की भी सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन संतों ने सदैव अहिंसा, करुणा, सत्य और आत्मसंयम का संदेश दिया है, जिसकी आज पूरे विश्व को आवश्यकता है। भगवान महावीर का 'जियो और जीने दो' का संदेश वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित