रायगढ़ , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में महाविद्यालय के एक प्राध्यापक का कथित रूप से अपहरण कर चाकू की नोक पर करीब एक लाख रुपये उनके बैंक खाते से अंतरित कराने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने प्राध्यापक को सकुशल मुक्त करा लिया है और घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार जकेला निवासी डिग्री कॉलेज के प्राध्यापक कपूरचंद गुप्ता पांच अक्टूबर की शाम गांव में टहलने निकले थे। डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास थकान होने पर वह सड़क किनारे डबरी के समीप एक पत्थर पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने कथित रूप से उन्हें पकड़ लिया और डबरी की ओर ले गए।
आरोप है कि प्राध्यापक की आंखों पर पट्टी बांधकर पेट, गर्दन और छाती पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी उन्हें मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी ले गए, जहां उनके साथ मारपीट कर मोबाइल का कूटशब्द और डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी हासिल की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर भुगतान संकेतक मंगवाया और प्राध्यापक के बैंक खाते से अलग-अलग बार में करीब एक लाख रुपये उसके खाते में अंतरित करा लिए। आरोपियों ने परिवार को संदेह न हो, इसके लिए प्राध्यापक से घर पर फोन कराकर सब कुछ ठीक होने की बात भी कहलवाई।
रकम अंतरित कराने के बाद प्राध्यापक की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधकर उन्हें पंडरीपानी के एक कमरे में बंधक बना दिया गया। इस बीच परिजनों को संदेह होने पर उन्होंने प्राध्यापक के स्थान का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंचे। परिजनों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और प्राध्यापक को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई और घटना के लगभग 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की योजना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस का कहना है कि प्राध्यापक के खाते से अंतरित कराई गई पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया गया है। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वारदात में शामिल शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित