मुंबई , अक्टूबर 23 -- महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाते हुए सेवा पूर्ण कर लौटे भारतीय नौसेना के 250 से अधिक 'अग्निवीरों' को महाराष्ट्र पुलिस की तटीय पुलिस विंग में सीधे शामिल करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि इन प्रशिक्षित कर्मियों के सीधे समावेश की सुविधा के लिए मौजूदा भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन किये गये हैं।

श्री फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से कहा, "राज्य सरकार ने महाराष्ट्र के उन सभी लौटने वाले अग्निवीरों को शामिल करने का संकल्प लिया था जो महाराष्ट्र पुलिस में शामिल होना चाहते हैं। इन कर्मियों ने असाधारण रूप से कठिन सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया है और सीमाओं पर सेवा दी है। उनकी अनुशासित पृष्ठभूमि और उच्च परिचालन क्षमता उन्हें हमारे पुलिस बल के लिए अमूल्य संपत्ति बनायेगी।"मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि यह प्रारंभिक भर्ती अपनी सेवा अवधि पूरी करके लौटने वाले नौसेना अग्निवीरों के पहले बैच का प्रतिनिधित्व करती है।तटीय रक्षा क्षमताओं के लिए राज्य की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "तटीय पुलिसिंग के लिए समर्पित प्रशिक्षण बुनियादी ढांचा तैयार करना एक सतत प्रक्रिया थी। नौसेना द्वारा प्रशिक्षित 250 से अधिक अग्निवीरों के शामिल होने से हमें हमारी समुद्री सीमाओं की रक्षा के लिए तुरंत एक अत्यधिक विशिष्ट और युद्ध-तैयार कार्यबल मिल गया है।"भर्ती प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए श्री फडणवीस ने पुष्टि की कि यह नियुक्ति एक सीधी भर्ती अभियान के माध्यम से आयोजित की गयी , जिसमें उम्मीदवारों को मानक पुलिस शारीरिक और लिखित परीक्षा से पूरी छूट दी गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित