छत्रपति संभाजीनगर , मई 06 -- महाराष्ट्र सरकार ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से, इज़रायल में 3,500 नौकरियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य सेवा और सेवा क्षेत्रों संबंधी इन नौकरियों को पाने वाले को करीब दो लाख रूपये महीने की तनख्वाह और दूसरी कई सुविधाएं भी मिलेंगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत, 90 प्रतिशत रिक्तियां महिला उम्मीदवारों से भरी जाएंगी, जबकि 10 प्रतिशत पुरुषों के लिए आरक्षित हैं। आवेदकों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच और कम से कम 10वीं पास होने चाहिए। आवेदकों के पास अंग्रेजी भाषा का कामचलाऊ ज्ञान होना भी आवश्यक है।
शैक्षिक और तकनीकी पात्रता शर्तों के तहत, उम्मीदवारों ने देखभाल सेवाओं में कम से कम 990 घंटे का प्रशिक्षण पूरा किया हो, या उनके पास नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स सहायता या मिडवाइफरी में मान्यता प्राप्त डिप्लोमा या डिग्री हो।
चयनित उम्मीदवारों को 6,443.85 इज़रायली न्यू शेकेल (इजरायली मुद्रा) का मासिक वेतन मिलेगा, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1.99 लाख रुपये के बराबर है। इसके अतिरिक्त, नियोक्ता आवास, भोजन और चिकित्सा बीमा की सुविधाएं भी प्रदान करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, चयन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम और वीडियो साक्षात्कार से होगी। उम्मीदवारों को पंजीकरण के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। अधिकारियों ने महाराष्ट्र के इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे आधिकारिक 'महाराष्ट्र इंटरनेशनल पोर्टल' के माध्यम से अपना पंजीकरण पूरा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित