मुंबई , अप्रैल 02 -- महाराष्ट्र विधान परिषद के नौ सदस्यों के मई में कार्यकाल होने के साथ ही नये सदस्यों के चयन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है और विभिन्न दलों में टिकट के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ गयी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर विशेष रूप से कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है, क्योंकि मौजूदा संख्या बल के आधार पर पार्टी के पांच सीटें जीतने की संभावना है। इन सीटों के लिए पार्टी के कई वरिष्ठ नेता दावेदारी कर रहे हैं।
दावेदारों में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केशव उपाध्ये, पूर्व सांसद रंजीतसिंह निम्बालकर, मानसी नाइक और पूर्व विधायक राम सातपुते समेत कई अन्य नाम शामिल हैं। वहीं वर्तमान सदस्य रंजीतसिंह मोहिते-पाटिल, संदीप जोशी, दादाराव केचे और संजय केनेकऱ का कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग द्वारा इन रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम अप्रैल के अंत तक घोषित किए जाने की संभावना है। संख्या बल के आधार पर भाजपा जहां पांच सीटें आसानी से जीत सकती है, वहीं सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन कुल आठ सीटों पर जीत दर्ज कर सकता है। विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरे का कार्यकाल भी 13 मई को समाप्त हो रहा है और उन्हें दोबारा मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित