मुंबई , जुलाई 03 -- महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को आवारा कुत्तों के हमलों में हुई भारी बढ़ोतरी का मुद्दा छाया रहा।
विधानसभा का सत्र दोबारा जैसे ही शुरू हुआ विधायक अर्जुन खोतकर ने जालना में आवारा कुत्तों के हमलों में हुई चिंताजनक बढ़ोतरी को लेकर 'ध्यानाकर्षण प्रस्ताव' पेश किया। श्री खोतकर ने पिछले 15 दिनों में जालना में 93 लोगों के कुत्तों के शिकार होने के बारे में सदन को जानकारी दी।
श्री खोतकर ने सरकार से इस समस्या को रोकने के लिए तत्काल कोई बड़ा कदम उठाने की मांग करते हुए स्थानीय नगर निगम की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उद्योग मंत्री उदय सामंत ने विधायक की चिंताओं का जवाब देते हुए सदन को भरोसा दिलाया कि सरकार उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री सामंत ने विधानसभा को बताया, "महाराष्ट्र में अभी लगभग 14.8 लाख आवारा कुत्ते हैं, जिनमें से अकेले मुंबई में ही लगभग 94,000 कुत्ते हैं।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कुत्तों को नियंत्रित करने के प्रभावी उपाय लागू करना हर नगर निगम की जिम्मेदारी है। मंत्री ने घोषणा की कि सरकार आवारा कुत्तों के हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की कोशिश करेगी।
उन्होंने सदन को यह भी भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे से निपटने में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या व्यक्ति के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित