नागपुर , दिसंबर 13 -- महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने मुंबई में शनिवार को बढ़ते वायु प्रदूषण और हैंकॉक ब्रिज के पुनर्निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दोनों मामलों पर सरकार को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।
श्री पटेल ने सदन का ध्यान बिगड़ते प्रदूषण संकट की ओर खींचते हुए कहा कि मुंबई में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बहुत ज़्यादा और असामान्य स्तर पर पहुंच गया है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तत्काल और प्रभावी कदम नहीं उठाए गये तो स्थिति ज्यादा खराब हो सकती है और शहर में लाखों निवासियों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
श्री पटेल ने हैंकॉक ब्रिज के पुनर्निर्माण में एक दशक से हो रही देरी पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विधानसभा को याद दिलाया कि पुल को 2015 में पुनर्निर्माण के लिए गिरा दिया गया था, लेकिन लगभग 10 साल बीत जाने के बाद भी यह परियोजना अधूरी है।
उन्होंने कहा कि भले ही कुछ काम हो गया है, लेकिन पुल अभी भी चालू नहीं हुआ है जिससे यात्रियों और आसपास के इलाकों के निवासियों को काफी असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण में लंबी देरी से ट्रैफिक जाम और जनता के लिए परेशानी बढ़ गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित