मुंबई , मार्च 12 -- महाराष्ट्र विधानसभा इमारत को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक गुमनाम ईमेल मिलने के बाद अधिकारियों ने पूरे परिसर को खाली कराकर सभी स्थानों की गहन तलाशी ली है।

गुरुवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने से कुछ देर पहले यह ईमेल मिला था जिसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने परिसर को खाली करा लिया और पूरी सुरक्षा जांच शुरू कर दी।

जिस समय यह धमकी मिली, उस समय वहां विधानसभा और विधान परिषद के कई सदस्य, अधिकारियों के साथ परिसर में मौजूद थे।

अलर्ट के बाद पुलिस कर्मियों ने सभी को परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत एक श्वान दस्ते के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड को तैनात किया। इमारत के सभी कमरों सहित पूरे परिसर में अभी एक व्यापक तलाशी अभियान चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित