कोल्हापुर , अप्रैल 17 -- महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने शुक्रवार को घोषणा की कि 1 जून से राज्य परिवहन के सभी बस स्टैंडों और पड़ावों पर यात्रियों के लिए एक ओर जहां मुफ्त शौचालय की सुविधा मिलेगी, वहीं नाश्ता सिर्फ 30 रुपये में मिलेंगे।

मंत्री ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के संभाजीनगर डिपो सहित चार बस डिपो का उद्घाटन और केंद्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण करने के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार मुफ्त शौचालयों के अलावा 8,000 नयी बसें शुरू करेगी और यात्री राज्य परिवहन के सभी बस स्टैंडों पर सिर्फ 30 रुपये में नाश्ता कर सकेंगे। ये निर्णय यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से लिए गए हैं।

सरकार ने राज्य परिवहन यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ये कदम उठाए हैं। पहले कई बस स्टैंड पर शौचालय इस्तेमाल करने के लिए शुल्क देना पड़ता था जिससे यात्रियों को असुविधा होती थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 1 जून से सभी शौचालयों को मुफ्त करने का निर्णय लिया गया है।

ये 8,000 नयी बसें अलग-अलग जिलों में चरणबद्ध तरीके से तैनात की जाएंगी, जिसमें ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में सेवा की दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। ये बसें पुरानी गाड़ियों की जगह लेंगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। कोल्हापुर केंद्रीय बस स्टेशन पर कैंटीन के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। किराया बोर्ड पर हालांकि किराए की जानकारी को चिपकाने वाले टेप से छिपा हुआ देखकर मंत्री सरनाइक ने अधिकारियों को फटकार लगाई।

अब जनता इस बात पर पैनी नजर रखे हुए है कि राज्य परिवहन यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई इन पहलों को कितनी प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित